सवर्ण समाज अब किसी पार्टी का मोहताज नहीं, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा बन रहा मजबूत विकल्प: आचार्य आनंद बल्लभ गोस्वामी
ब्रज प्रदेश की बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती और सभी जिलों में सक्रियता बढ़ाने पर दिया गया जोर
वृंदावन। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ब्रज प्रदेश की बैठक गोधूलीपुरम स्थित हरिदास धाम में आयोजित की गई। बैठक में अलीगढ़ एवं मथुरा के जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्ष तथा कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य आनंद बल्लभ गोस्वामी ने कहा कि अब समय आ चुका है कि सवर्ण समाज किसी भी राजनीतिक दल का मोहताज न रहे। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज अपने अधिकारों की रक्षा और सम्मान के लिए राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के साथ बड़ी संख्या में जुड़ रहा है। संगठन समाज के सभी वर्गों की आवाज़ बनकर कार्य करेगा।
प्रदेश प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाकर सभी जिलों को एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए कि संगठन की गतिविधियों में निरंतर गतिशीलता बनाए रखें तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मोर्चे से जोड़ें।
जिला अध्यक्ष डॉ. रमाकांत भारद्वाज ने कहा कि अति शीघ्र यूजीसी कानून के विरोध में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।
अलीगढ़ जिला अध्यक्ष राजेश कुमार उपाध्याय ने कहा कि अलीगढ़ जनपद की समस्त इकाइयां गठित हो चुकी हैं, अतिशीघ्र अलीगढ़ में मंडल स्तर पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मनोज कुमार शर्मा, प्रकाश शर्मा, विवेक पाठक, अजय शर्मा, एन.एल. शर्मा, सुधांशु शर्मा, केशव शंखधार, रजत मिश्रा, नीरज गौड़, तपेश पाठक, महानगर अध्यक्ष नवोदित गोस्वामी, पंकज शर्मा, राजीव बंसल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

