शहीद उधम सिंह के शहादत दिवस पर गूंजा देशभक्ति का जयघोष
कंबोज युवा वेलफेयर एसोसिएशन ने आयोजित किया श्रद्धांजलि समारोह, बुजुर्गों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
गुरुग्राम। शहीद उधम सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर कंबोज युवा वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंबोज समाज के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर शहीद उधम सिंह को नमन किया। इस दौरान “शहीद उधम सिंह अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से गूंज उठा।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित गणमान्य लोगों ने खूब सराहा। आयोजन के दौरान 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में एसपी कंबोज और रवि कंबोज की टीम की ओर से बच्चों को सम्मानित किया गया। वहीं एसपी कंबोज द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत “ऐ मेरे प्यारे वतन, तुझपे दिल कुर्बान” ने उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया।
प्रबंध समिति की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सत्य पाल कंबोज, रवि कंबोज, रणधीर कंबोज, मोहित कंबोज, उधम सिंह कंबोज, चंद्र भान आर्य, सन्नी कंबोज, प्रवेश कंबोज, अश्वनी कंबोज, पवन कंबोज, संदीप कंबोज और राम निवास कंबोज सहित प्रबंध समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों गोपाल कृष्ण कंबोज और महेंद्र कंबोज की भी विशेष उपस्थिति रही।
आयोजकों ने कहा कि शहीद उधम सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों का जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ बच्चों और युवाओं में देशप्रेम, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
