हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

 हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

-युवाओं ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी



हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र और यूथ रेड क्रॉस नारनौल के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार के कुशल संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा तथा कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार का विशेष सहयोग रहा। 

इस अवसर पर कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि रक्तदान दान का एक ऐसा सर्वाेच्च कार्य है जो न केवल जीवन बचाता है, बल्कि जाति, धर्म और पृष्ठभूमि की सीमाओं से परे पूरी मानवता को एक सूत्र में पिरोता है। हमारे विश्वविद्यालय परिवार का इस नेक कार्य के लिए आगे आना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को दर्शाता है। हमारे युवा जब इस तरह के मानवीय प्रयासों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे, तभी समाज में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव आएगा।

विश्वविद्यालय में एनएसएस इकाई के समन्वयक डॉ. प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज युवाओं से मिली भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हमारे विद्यार्थी केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी पूरी तरह जागरूक हैं। उन्होंने बताया कि इस रक्तदान शिविर में 63 यूनिट ब्लड एकत्र किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने परिसर में जागरूकता अभियान चलाकर और शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि रक्तदान भले ही एक छोटा सा प्रयास लगे, लेकिन यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। विश्वविद्यालय के चिकित्सा स्टाफ और एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ छात्र समन्वयक दीपक खींची और चिराग, स्वास्थ्य केंद्र की ओर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत यादव छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. रेनू यादव, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. युद्धवीर और डॉ. नीलम के सहयोग से इस शिविर का सफल समापन हुआ।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال