हकेवि में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेन्द्रगढ़ के राजभाषा अनुभाग व विभिन्न विभागों के सहयोग से हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार जारी है। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गाँवों के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन मेें विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन में जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा के शिक्षक सुरेश कुमार तथा हकेवि के हिंदी अधिकारी बी.पी. सिंह निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ विद्यालय धौली के सुरेंद्र पाल व प्रिया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेहलंग की शुभलता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जांट की उर्मिला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मालड़ा बांस के भुवनेश गौतम व संजीत कुमार तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली की ममता देवी के नेतृत्व में 40 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता की। विश्वविद्यालय में हिंदी पखवाड़ा आयोजन समिति की समन्वयक प्रो. कमलेश कुमारी ने बताया कि आगामी 30 सितंबर को हिंदी पखवाड़ा का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों ने कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा आसपास के गांवों के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच देने के साथ-साथ हिंदी भाषा में लेखन के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और विद्यालयों के बीच इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक संवाद से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें भाषा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि निबंध लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें हिंदी में अपने विचारों को स्वतंत्र एवं रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्हें नए अनुभव प्राप्त होते हैं और अपनी लेखन क्षमता को बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। सभी अध्यापकों व विद्यार्थियों ने हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की रचनात्मक पहलों की प्रशंसा की।
