झाड़सा में महिलाओं को बांटे गए सैनिटरी हाईजीन किट
मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर किया जागरूक
गुरुग्राम।
झाड़सा में बख्तावर चौक के पास जीएलआरए इंडिया और आर्टेमिस हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से सैनिटरी हाइजीन किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 33 महिलाओं को सैनिटरी हाइजीन किट वितरित की गईं। वितरण के साथ-साथ महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व, सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित उपयोग और इस दौरान अपनाई जाने वाली स्वस्थ आदतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके।
इस अवसर पर जीएलआरए इंडिया की हेड कम्युनिकेशन एंड पीआर डॉ. गीतांजलि, प्रोजेक्ट मैनेजर सरिता, काउंसलर वनीता पीटर और काउंसलर कविता सरकार मौजूद रहीं। टीम ने महिलाओं से खुलकर बात की और माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।
संस्था की ओर से बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई महिलाएं मासिक धर्म के दौरान पुराने कपड़ों का इस्तेमाल करती हैं, जिससे संक्रमण का खतरा रहता है। जागरूकता के अभाव में महिलाएं इस विषय पर खुलकर बात भी नहीं करतीं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जीएलआरए इंडिया की ओर से पीआर डॉ. गीतांजलि ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वच्छता के साधन उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।
