अरूणाभा वेलफेयर सोसाइटी ( रजि. ) द्वारा "भोली सी मुस्कान" कैंपेन "दिल से दिवाली खुशियों वाली" का आयोजन टाउन पार्क, सेक्टर - 31,फरीदाबाद, हरियाणा में किया गया ।
नन्हे परिंदों को उनके हिस्से का आसमान देने की कोशिश में उनके हुनर को तराश कर उनके पंखों में उड़ान भर भोली आंखों के सपनों को साकार करने के लिए वेलफेयर सोसाइटी द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति दिवाली महोत्सव मनाया गया । यहां वंचित और असहाय तबके के बच्चों और महिलाओं द्वारा हस्त निर्मित कैंडल, दिया, चॉकलेट, बंदनवार, लड़ियां, झूमर, पेपर ज्वेलरी, बिट्स ज्वेलरी, मेक्रम डोरी आर्ट आदि का प्रदर्शन किया गया। यह स्टाल नन्हें बच्चों की हुनर और हौंसलों का स्टाल था, जो अभी संस्था की संस्थापिका प्रणीता प्रभात की देखरेख में पुष्पित - पल्लवित हो रहे हैं । इस स्टाल में दिवाली से जुड़ी चीजें ही नहीं ,बल्कि कई नन्हें सपने हैं जो बड़ा आकार लेना चाहते हैं । वेलफेयर के कैंपेन की सफलता बच्चों के आंखों की चमक और होठों की मुस्कान में देखी जा सकती है । उत्सव में आने वाले अतिथियों और खरीदारों ने बच्चों की हुनर को खूब सराहा और उनका हौसला बढ़ाया । बच्चों की भोली सी मुस्कान में कार्यक्रम की सार्थकता दिख रही है। उत्सव में पर्यावरण संरक्षण का इन बच्चों ने बेहतर संदेश दिया है,
क्योंकि बेकार सामानों को फेंकने की बजाय उसे घरों को सजाने का सामान तैयार किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज सेविका नेहा शर्मा और सुरेंद्र शर्मा जी ने दीप प्रज्वलित करके किया। उन्होंने कहा कि संस्था काफी सराहनीय कार्य कर रही है , जिससे बच्चे भारतीय संस्कृति, संस्कार और विरासत से रूबरू हो रहे हैं। यह बच्चे ही हमारे देश का भविष्य हैं। दीप प्रज्वलन के पश्चात बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट बता रही थी कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने वहां उपस्थित लोगों का मन मोह लिया है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए डा. संजय गुप्ता जी द्वारा फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन भी किया गया था । वेलफेयर के संस्थापक डॉक्टर आर.के.श्रीवास्तव द्वारा सभी बच्चों को मोमेंटो, मेडल और गिफ्ट्स देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया , साथ ही सभी अतिथियों को पटका पहनाकर पौधे और मिट्टी के दीए उपहार स्वरूप देकर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम की सफलता में वेलफेयर की सदस्य ममता मित्तल, प्रवीण गुलाटी, अनिरुद्ध बोदड़े, मधु वशिष्ठ,अंकित सचदेवा, कमल मिश्रा, प्रियंका झा, शुभ्रा मिश्रा, एकनाथ गुप्ता, श्रेयश श्रीवास्तव, अंकित, अश्वनी राय, दिशा, मंतशा, साक्षी, सहाना, आरजू , आराधना, श्रेया आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आखिर में वेलफेयर की राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रणीता प्रभात ने अपने सभी साथी सदस्यों और उपस्थित अतिथियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया
और कहा कि उनके साथ के ही कारण इस दिपावली वेलफेयर के बच्चों को आई. आई. टी. दिल्ली कैम्पस में स्टाल लगाने का मौका मिला।उन्होंने सभी से या अपील की कि वह आगे आकर मदद के लिए हाथ बढ़ाएं। उनके द्वारा किया गया छोटा सा प्रयास भी इन नन्हें - नन्हें बच्चों के जीवन में उजियारा फैला सकता है , उनके होठों पर मुस्कान ला सकता है । करके देखिए.......अच्छा लगता है.......
