सेक्टर-5 में यातायात पुलिस ने की कार्रवाई, आगे और पीछे नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने की अपील
गुरुग्राम, 1 नवंबर। शहर में यातायात नियमों की अनदेखी कर बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ गुरुग्राम यातायात पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में सेक्टर-5 क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के घूम रही काले रंग की थार गाड़ी को यातायात पुलिस ने पकड़कर इंपाउंड कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम यातायात पुलिस के यातायात निरीक्षक पश्चिम-5 कृष्ण कुमार और जोनल अधिकारी एएसआई श्यामपाल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट चल रही थार को काबू किया। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को इंपाउंड कर दिया।
यातायात पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। किसी दुर्घटना या अन्य नियम उल्लंघन की स्थिति में वाहन और चालक की पहचान करने तथा जवाबदेही तय करने में भी परेशानी आती है।
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन की पहचान छिपाकर या निर्धारित नंबर प्लेट के बिना सड़क पर चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर आगे और पीछे नियमानुसार नंबर प्लेट लगाकर ही सड़क पर निकलें।
पुलिस का संदेश है कि सड़क पर वाहन की धाक नहीं, बल्कि यातायात नियमों का पालन जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
