सुरक्षा से स्वाभिमान तक: एडु पेटल्स एवं महिला थाना वेस्ट की महिला सशक्तिकरण पहल
गुरुग्राम, 22 नवंबर 2026। महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एडु पेटल्स कोचिंग इंस्टीट्यूट एवं गुरुग्राम पुलिस के महिला थाना वेस्ट द्वारा सेक्टर-10 में महिला सशक्तिकरण कार्यशाला आयोजित की गई।
सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन श्री मोहित शर्मा एवं एडु पेटल्स के चेयरमैन श्री दीपांशु टुटेजा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड 10 के पार्षद श्री महावीर यादव रहे। उन्होंने महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि हर मातृशक्ति को स्वयं से मजबूत और सुरक्षित होने की आवश्यकता है ताकि समय पर अपनी समस्याओं को खुले मन से बता सके। आज समाज की सोच बदल चुकी है और हर नारी कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है।
महिला थाना वेस्ट की एएसआई नैन्सी एवं दुर्गा शक्ति टीम ने महिलाओं को पुलिस सहायता, सुरक्षा एवं शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता सुश्री संगीता दास, राष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षक एवं सिविल डिफेंस की डिवीजन वार्डन ने वॉययूरिज्म, स्टॉकिंग, 112 इंडिया ऐप, पीओएसएच अधिनियम एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर महिलाओं को जागरूक किया।
उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों को पहचानने, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस पहल ने पुलिस, सिविल डिफेंस एवं शैक्षणिक संस्थानों के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित समाज बनाने का संदेश दिया।
सुरक्षित महिला – सशक्त समाज – समृद्ध राष्ट्र।
जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।

